बिजनौर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव से पहले होने वाली तैयारियों को पूरा करने में प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। बाकायदा निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। 18 जुलाई से 13 अगस्त के बीच बीएलओ और पर्यवेक्षकों को कार्य क्षेत्र आवंटित कर दिए जाएंगे। जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण को समय से पूरा किया जा सके।
चुनाव आयोग से मिले निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने आदेश जारी किए। जारी की गई समय सारिणी में जिक्र किया गया कि 18 जुलाई से 13 अगस्त के बीच बीएलओ और पर्यवेक्षकों को कार्य क्षेत्र आवंटन होना है। 14 अगस्त से बीएलओ घर घर जाकर गणना और सर्वे करेंगे।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 14 अगस्त से 22 सितंबर तक ऑनलाइन या आफ लाइन आवेदन किए जा सकेंगे। 23 सितंबर से 29 सितंबर तक ऑनलाइन प्राप्त हुए आवेदन की घर घर जाकर जांच की जाएगी। 30 सितंबर से छह अक्तूबर तक मतदाता सूची में परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन होगा। सात अक्तूबर से 24 नवंबर तक सूची में बढ़ने या घटने वाले नामों को आनलाइन कर दिया जाएगा।
25 नवंबर से चार दिसंबर तक मतदान केंद्रों और बूथों के वार्डो की मैपिंग की जाएगी। एक जनवरी 2026 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के दावे और आपत्तियां 12 दिसंबर तक स्वाीकर की जाएंगी। अनन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन पांच दिसंबर को होगा। 15 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन कर दिया जाएगा। जारी किए गए आदेश में कहा गया कि मतदाता सूची या चुनाव से संबंधित कार्य करने वाले कार्यालय सार्वजनिक अवकाशों में भी खुले रहेंगे। ताकि समय से काम को निपटाया जा सके। कोई तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
गांव-गांव बढ़ीं चुनाव की सरगर्मियां
मौजूदा प्रधानों का कार्यकाल अब ज्यादा नहीं रह गया है। साल 2026 में मार्च या अप्रैल तक चुनाव होना माना जा रहा है। जिसे लेकर पंचायतों में चुनाव की सरगर्मियां बढ़ी हैं। संभावित उम्मीदवारों ने मतदाताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। हालांकि कुछ जगहों पर आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।