- 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य गंगा स्नान, 40 गोताखोर संभालेंगे मोर्चा
- 25 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/गंज दारानगर। मां भागीरथी के तट पर लगने वाले पारंपरिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। गंगा की रेती पर धीरे-धीरे तंबुओं की नगरी बसने लगी है। मेले का उद्घाटन 20 नवंबर को होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य गंगा स्नान होगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पूरे मेला क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटा गया है।
सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा, एएमए विकास मिश्रा और सीओ अभय कुमार पांडेय ने गंगा स्नान मेले की तैयारियों का जायजा लिया। जिन्होंने मेला स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मेले में ठहरने वाले श्रद्धालुओं ने अपने तंबू लगाने के लिए स्थान चिह्नित कर लिए हैं। महिलाओं की खरीदारी के लिए मीना बाजार तैयार किया जा रहा है। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूले लगाए जा रहे हैं। वाहनों की भीड़ से जाम की समस्या न हो, इसके लिए पार्किंग के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है।
- सुरक्षा के लिए रहेंगे पुख्ता इंतजाम
गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गंगा में 40 गोताखोरों की तैनाती रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। इसके अलावा मेले की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 12 वॉच टावर बनाए जा रहे हैं।
शरारती तत्वों पर नजर रखने और चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए मेला क्षेत्र में 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। छह सेक्टरों में बांटे गए मेले में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मुख्य गंगा स्नान का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
मेले की तैयारी चल रही है। 20 नवंबर को उद्घाटन किया जाएगा। देखा जा रहा है कि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। - विकास मिश्रा, एएमए जिला पंचायत
बिजनौर के गंज में विदुर कुटी के सामने लगे गंगा स्नान मेले में लगने लगे झूले। स्रोत विभाग
बिजनौर के गंज में विदुर कुटी के सामने लगे गंगा स्नान मेले में लगने लगे झूले। स्रोत विभाग
बिजनौर के गंज में विदुर कुटी के सामने लगे गंगा स्नान मेले में लगने लगे झूले। स्रोत विभाग