संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। संभव अभियान-2025 का उद्देश्य समावेशी न्यायसंगत एवं सतत विकास करना है। जिसके चलते शिशु एवं बाल पोषण स्वास्थ्य, समय विकास को राज्य सरकार द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में स्थान दिया गया है। जिससे कुपोषण दर में कमी लाई जा सके। इसके लिए डीएम जसजीत कौर ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि संभव अभियान-2025 को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए अंतर विभागीय सामान्य संबंधित विभागों को शासन द्वारा दायित्व एवं जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।एकीकृत बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण से ग्रसित बच्चों एवं माताओं को समय अनुसार एवं सुसंगठित सेवाएं प्रदान करने के लिए उनका चिह्नीकरण एवं नामांकन का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। सामुदायिक स्तर पर सेवाओं की उपलब्धता, क्षमता वर्धन एवं सामग्री की उपलब्धता, पर्यवेक्षण एवं निगरानी, डाटा का संकलन एवं रिपोर्टिंग तथा अंतर्विभागीय समन्वय की भूमिका निभाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता रखने के लिए कहा। जिला स्तर पर उपलब्ध सभी आवश्यक दवाइयां जैसे अमोक्सीसिलिन, फोलिक एसिड, आईएफए सिरप, एल्बेंडाजोल, विटामिन ए एवं मल्टीविटामिन को वेयरहाउस से प्राप्त कर संबंधित एएनएम के माध्यम से लाभार्थियों में वितरित की जाएंगी।