टांडा के ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ किया प्रदर्शन
रेहड़। गांव टांडा के लोगों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्य न कराने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक कार्यालय पर प्रदर्शन कर एडीओ पंचायत को शिकायती पत्र सौंपा। एडीओ ने मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कही।
शुक्रवार को गांव टांडा निवासी संदीप, बाबूराम, जसवंत, धर्मवीर, बंटी आदि दर्जनों ग्रामीण ब्लॉक कार्यालय पर एकत्र हुए। गांववासियों ने माधोवाला प्रधान कल्लू सिंह पर टांडा में विकास कार्य में दोगला रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। आरोप है कि गांव में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। सड़कें टूटी हैं। जगह-जगह पानी भरा रहता है। टांडा में विकास कार्य ठप है। शासन से मिलने वाले धन को गांव माधोवाला में ही लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने एडीओ को डीएम से संबोधित ज्ञापन सौंपकर गांव में विकास कार्य कराए जाने की मांग की। उधर, एडीओ पंचायत अजमल हुसैन का कहना है कि ग्रामीणों के आरोपों की जांच कराई जाएगी। वहीं ग्राम प्रधान कल्लू सिंह ने आरोपों को निराधार बताते हुए माधोवाला व टांडा में समान रूप से विकास कार्य कराने की बात कही है।