कोतवाली देहात/मंडावर। थाना क्षेत्र के गांव कक्ड़पुर उर्फ़ लकड़ा निवासी चंद्रपाल पुत्र अतर सिंह पीआरडी में नौकरी करता था। चंद्रपाल की ड्यूटी नजीबाबाद सेल टैक्स कार्यालय में चल रही थी। रात्रि की ड्यूटी समाप्त कर चंद्रपाल मंगलवार को 10 बजे बाइक से घर वापस आ रहा था। थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर मोड पर चंद्रपाल की बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई।
दुर्घटना में चंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल चंद्रपाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने नाजुक हालत देखते हुए बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। बिजनौर ले जाते समय रास्ते में ही चंद्रपाल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
मंडावर में बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत : मंडावर में सोमवार की रात बिजनौर की ओर से आ रही एक निजी बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव गजरौला शिव निवासी 32 वर्षीय सोनू पुत्र जीराज के रूप में हुई है। सोनू सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे मंडावर से अपने घर जा रहा था। ईनामपुरा मोड़ पर उसकी बाइक बस की चपेट में आ गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस बस को थाने ले गई।