बिजनौर। बिजनौर की जनता को योगी आदित्यानाथ का साथ छठी बार में मिला है। दरअसल सीएम का यह दौरा पांच बार टला है। पिछले 51 दिनों में बार बार तारीख बदलती रहीं। इंतजार में पंडाल भी पहले प्रस्तावित दौरे से 51 दिनों तक अब तक ऐसे ही खड़ा रहा। अब जाकर आज सीएम योगी बिजनौर की धरती पर उतरेंगे।
सोमवार की दोपहर एक बजे इंतजार सीएम योगी के आगमन के साथ ही इंतजार की घड़िया खत्म हो जाएंगी। मगर इस बार सीएम ने इंतजार भी खूब कराया। बता दें कि नौ अप्रैल को आलमपुर गांव में सीएम योगी के दौरा प्रस्तावित हुआ था जो किन्ही कारणों से टल गया। फिर अगली तारीख मिली 13 अप्रैल। इस दिन भी सीएम योगी नहीं आ सके। फिर से दो मई के लिए तैयारी होने लगी। इसके बाद नौ मई और फिर तीस मई को सीएम योगी के आने की तारीखें प्रस्तावित हुईं
शुरुआत की प्रस्तावित तारीख को लेकर ही आलमपुर गांव में तैयारियां होने लगी थीं। पंडाल लगा लिया गया था, बाकी इंतजामों को लेकर भी भागदौड़ होती रही। मगर एक एक कर पांच बार तारीख बदल गई। बार-बार कार्यक्रम टलने के कारण कुछ भी रहे हों लेकिन, बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरा जिला इंतजार करता रहा। हालांकि सीएम योगी के आने की आस पक्की थी, इसी वजह से पंडाल भी 51 दिनों तक ऐसे ही खड़ा रहा। अब कहीं जाकर छठी बार में मुख्यमंत्री का दौरा मुकम्मल हो पाया। संवाद
मुख्यमंत्री का बिजनौर का प्रस्तावित कार्यक्रम
कार्यक्रम स्थल ग्राम आलमपुर गांवड़ी में आगमन-अपराह्न एक बजे
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएफसी) का लोकार्पण/भ्रमण- 1:05 से 1:10 बजे तक
प्रदर्शनी का अवलोकन- 1:11 से 1:25 बजे तक
मुख्यमंत्री का मंच पर आगमन एवं स्वागत-1:26 से 1:30 बजे तक
जनप्रतिनिधियों का उद्बोधन- 1:31 से 1:40 बजे तक
लाभार्थियों का प्रमाण पत्र वितरण- 1:41 से 1:45 बजे तक
मुख्यमंत्री का संबोधन-1:45 से 2:15 बजे तक
-धन्यवाद ज्ञापन- 2:16 से 2:17 बजे तक
मंच सभा स्थल गांव आलमपुर गांवड़ी से प्रस्थान- 2:17 बजे
-
सीएम के दौरे को लेकर किया गया वाहनों का रूट डायवर्ट
अफजलगढ़। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित अफजलगढ़ दौरे को लेकर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए हल्के व भारी वाहनों का रूट डायवर्ट का खाका तैयार किया गया है जोकि आज सुबह आठ बजे से लागू हो जाएगा। हरिद्वार काशीपुर फोरलेन हाईवे पर धामुपर से काशीपुर आने जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा।
यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि निर्धारित व्यवस्था के तहत सोमवार को सुबह आठ बजे से धामपुर की ओर से अफजलगढ़ रेहड़ होकर जसपुर, काशीपुर उत्तराखंड जाने वाले समस्त हल्के वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित 734 स्थित माननगर कट से शाहपुर जमाल होते हुए बादीगढ़ चौराहा से अपने गन्तव्य को जाएंगे।काशीपुर, जसपुर से आने वाले वाहन रेहड़, अफजलगढ़, धामपुर, नजीबाबाद होकर बिजनौर हरिद्वार तथा कोटद्वार जाने वाले समस्त हल्के वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित 734 स्थित बादीगढ़ चौराहा से शाहपुरजमाल, माननगर होते हुए सुआवाला, सुरजननगर, स्योहारा से धामपुर होकर अपने गन्तव्य को जाएंगे।
दूसरी ओर काशीपुर, जसपुर से रेहड़, अफजलगढ़, धामपुर व नजीबाबाद होकर बिजनौर, हरिद्वार, कोटद्वार जाने वाले भारी वाहन जसपुर, काशीपुर से मुरादाबाद होकर अपने गन्तव्य को जाएंगे। धामपुर की ओर से अफजलगढ़, रेहड़ होकर जसपुर, काशीपुर जाने वाले भारी वाहन धामपुर से स्योहारा होते हुए अपने गन्तव्य को जाएंगे।