बिजनौर में गणतंत्र दिवस और अर्द्ध कुंभ मेले में आतंकी घटनाओं के मद्देनजर हाई अलर्ट घोषित होने पर एसपी सुभाष सिंह बघेल ने सोमवार को जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों व वाहनों की तलाशी ली गई। चेकिंग अभियान से लोगों में खलबली मची रही।
सोमवार को एसपी ने पूरे जिले में चेकिंग अभियान शुरू कराया। बिजनौर में एसपी खुद पुलिस फोर्स, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ निकल पड़े। सबसे पहले रोडवेज बस स्टैंड, पर चेकिंग अभियान शुरू किया। बस स्टैंड पर संदिग्धों की पुलिस ने तलाशी ली। यात्रियों व उनके सामान की भी तलाशी ली गई। इसके बाद एसआरएस मॉल में भी तलाशी अभियान चलाया गया। मॉल के अंदर सिनेमा और घूमने वालों की तलाशी ली गई।
बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की भी तलाशी हुई। मॉल पर पुलिस देख हर किसी में खलबली रही। यहां से पुलिस रेलवे स्टेशन पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन के बाद पुलिस ने सिविल लाइन, होटल, ढाबों, सिनेमा घरों में चेकिंग अभियान चलाया। साजन सिनेमा में इस दौरान एक प्रेमी जोड़ा पकड़ा गया। पुलिस उसे थाने ले आई। एसपी के मुताबिक गणतंत्र दिवस के साथ अर्द्धकुंभ मेले के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया है। पूरे जिले में एक साथ यह अभियान चला है। रात में बाहर से आने वाले वाहनों व ट्रेनों से आने वाले लोगों की भी तलाशी होगी।
स्टेशन, रोडवेज समेत कई क्षेत्रों को खंगाला
नजीबाबाद। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रेलवे स्टेशन, रोडवेज डिपो और होटलों में चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन और रोडवेज डिपो के संदिग्ध लोगों के सामान की तलाशी ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय राय, थाना प्रभारी अजीत सिंह के नेतृत्व में नजीबाबाद रेलवे स्टेशन, रोडवेज डिपो व होटलों पर चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध लोगों के सामानों की तलाशी भी ली गई। जीआरपी प्रभारी ओमवीर सिरोही, आरपीएफ प्रभारी नरायन सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। नजीबाबाद से गुजरने वाली ट्रेनों का भी निरीक्षण किया। जीआरपी प्रभारी ने बताया विभिन्न स्थानों पर रेलवे ट्रैक की चेकिंग कर चौकसी बरती जा रही है। उधर, बरूकी मेंगणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले की चेतावनी के बाद पुलिस द्वारा बरूकी नहर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। दुपहिया वाहनों के साथ-साथ चौपहिया वाहनों की भी तलाशी ली और कागजात भी जांचे। कोतवाली देहात एसओ जसवीर सिंह भी अभियान में मौजूद रहे।
इस दौरान वाहनों का किया चालान
धामपुर/अफजलगढ़। पुलिस ने गणतंत्रता दिवस पर हाईअलर्ट के चलते सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीओ अशोक यादव ने प्राइवेट वाहनों और रोडवेज बसों की चेकिंग की। पुलिस मानकों को ताख पर रखकर चल रहे कई वाहनों का चालान किया। एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने आबकारी की दुकानों पर ओवर रेटिंग की जांच की।