बाएं हाथ में गंभीर चोट लगने पर सिपाही को अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कोतवाली शहर पुलिस की टीम पर रविवार तड़के गांव तरीकमपुर रूपचंद उर्फ टिक्कोपुर में वांछित आरोपी शावेज को गिरफ्तार करने पहुंची टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक सिपाही संजीव घायल हो गया। पुलिस पर हमला करने के मामले में शावेज, उसके साथी सद्दाम, गालिब सहित आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वांछित आरोपी शावेज की गिरफ्तारी के लिए रविवार तड़के करीब दो बजे पुलिस टीम करीब गांव टिक्कोपुर पहुंची थी। इसी दौरान शावेज व उसके भाई सद्दाम, गालिब समेत सात-आठ अज्ञात महिला-पुरुषों ने पुलिस टीम को घेर लिया। उन्होंने पथराव, कांच की बोतल और चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
आरोप है कि हमलावरों ने सिपाही संजीव के गले पर धारदार हथियार से वार किया। सिपाही ने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, जिससे उसके बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। चोट लगने के बाद सिपाही को चक्कर आने लगे। घटना के बाद पुलिसकर्मी घायल सिपाही को रात में मेडिकल कॉलेज बिजनौर ले गए, जहां उसका उपचार कराया। मामले में पुलिस ने शावेज, सद्दाम, गालिब और सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
वर्जन::
पुलिस टीम पर हमले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चल रही है। - अभय कुमार पांडेय, सीओ सिटी, बिजनौर