अफजलगढ़ । राष्ट्रीय राजमार्ग 734 स्थित गांव जिक्रीवाला के पास हरिद्वार से लौट रहे तीर्थ यात्रियों की कार बुधवार सुबह दस बजे अनियंत्रित होने से सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। गनीमत रही की हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी देव सिंह, कमलेश सिंह, मोहिनी देवी तथा मुन्नी देवी के साथ हरिद्वार तीर्थयात्रा के लिए गए थे। बुधवार को चारों वापस आ रहे थे। अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव जिकरीवाला के पास तीव्र मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे पानी से भरे तालाब में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तालाब के किनारे सीढ़ी लगाकर बामुश्किल यात्रियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। बाद में क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकलवाया गया। तालाब के किनारे कूड़ा पड़ा होने के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई।