स्योहारा। साथी के जन्मदिन का जश्न मनाते हुए उसके दोस्तों ने लगभग 50 बाइकें शहर की सड़कों और गलियों में दौड़ाते हुए जमकर हुड़दंग मचाया। इनमें से कुछ बाइकों पर तीन तो कुछ पर दो युवक सवार थे। इनकी बाइक की चपेट में आकर एक वृद्धा भी घायल हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आठ बाइकों को सीज किया है।
मामला सोमवार की शाम का है। बड़ी संख्या में युवा लगभग 50 बाइकों पर सवार होकर शहर के गली-मोहल्लों से तेज रफ्तार दौड़ाते हुए निकले। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच एक वृद्ध महिला गिरकर घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइकर्स द्वारा हुड़दंग मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने अब तक लगभग आठ बाइकों को सीज करने की कार्रवाई की है।
इस संबंध में सीओ धामपुर अभय कुमाार पांडेय ने बताया कि जिस युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था, उससे सभी बाइक सवार युवकों की जानकारी ली गई है। उसी के आधार पर अन्य बाइकों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शेष आरोपियों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।