जिले में 31 मई से बनेंगे स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस
बिजनौर। जनपद में 31 मई से स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनने शुरू हो जाएंगे। कोरोना के कारण शासन ने 20 अप्रैल से सभी प्रकार के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने पर रोक लगा दी थी। लर्निंग लाइसेंस बनने पर 30 जून तक प्रतिबंध रहेगा, जबकि लाइसेंस संबंधी अन्य कार्य 15 जून तक नहीं हो पाएंगे।
कोरोना के कारण परिवहन विभाग ने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पर 30 जून तक रोक लगा दी है। इसके आवेदक 30 जून के बाद आवेदन करके टाइम टाइम स्लॉट का समय ले सकेंगे। परिवहन विभाग ने अप्रैल से लेकर जितने भी टाइम स्लॉट के अप्वाइंटमेंट जारी किए थे उन सभी को निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण, डुप्लीकेट सहित अन्य कार्य 15 जून तक नहीं होंगे। इस संबंध में परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने निर्देशित किया है। इस आदेश के बाद से सारथी पोर्टल लर्निंग लाइसेंस के आवेदन को ब्लॉक कर दिया है।
एआरटीओ प्रशासन शिव शंकर सिंह ने बताया कि जिन आवेदकों के अप्रैल से मई तक के टाइम स्लॉट अप्वाइंटमेंट को निरस्त किया गया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने पर फीस का भुगतान नहीं करना होगा। उन्होंने बताया कि 31 मई से स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनने शुरू हो जाएंगे। पूर्व में जिन आवेदकों ने अप्रैल से मई तक स्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए टाइम स्लॉट का जो अप्वाइंटमेंट लिया था, उसे रीशेड्यूल करके उनके मोबाइल पर मैसेज भेजेंगे। आवेदक भी एप्लीकेशन स्टेटस को देखने के बाद ही सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने आएं।