बिजनौर में मकर संक्रांति पर स्नान करने के लिए पहुंचे श्रद्धालु।
- फोटो : BIJNOR
गंगा में डुबकी लगाकर लोगों ने कमाया पुण्य
बिजनौर। कोरोना संक्रमण का डर और कंपकंपाती ठंड में मकर संक्रांति पर गंगा बैराज पर गंगा स्नान करने वालों की संख्या बहुत कम रही। गंगा बैराज घाट खाली ही नजर आया।
मकर संक्रांति पर गंगा स्नान करना शुभ माना जाता है। आमतौर पर मकर संक्रांति पर गंगा स्नान करने के लिए बैराज घाट पर काफी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।
शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और बहुत ठंड रही। इसके अलावा कोरोना संक्रमण के भी काफी मरीज रोज सामने आ रहे हैं। मकर संक्रांति पर काफी कम लोग ही स्नान करने के लिए गंगा बैराज पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पूजन किया। मकर संक्रांति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गंगा बैराज पर कैंप लगाया था। कुछ लोगों ने कैंप में टीकाकरण भी कराया।