अफजलगढ़। नगर से सटी गाजी कॉलोनी में मार्ग कच्चा है और पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। मार्ग में बरसात का पानी भर जाता है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बार-बार जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों से कहने के बाद भी मार्ग का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र मार्ग निर्माण कराने की मांग की है।
नगर से सटी गाजी कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में गेट से जाकिर के घर तक करीब 500 मीटर मार्ग है। मार्ग कच्चा होने से गड्ढों में कीचड़ जमा हो गया है, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। वाहनों और पैदल निकलने वालों को दिक्कत तो है ही, फिसलकर लोग चोटिल भी होते रहते हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि नेता आते हैं, वादे कर जाते हैं, लेकिन विकास की ओर कोई ध्यान नहीं देता। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कहने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
स्थानीय निवासी शादाब का कहना है कि पालिका की मतदाता सूची में भी मोहल्ले के लोगों के नाम दर्ज हैं। ऐसे में मोहल्ले की सड़कों का निर्माण और जलभराव की समस्या का समाधान भी नगर पालिका की जिम्मेदारी है, लेकिन उनकी समस्या का कहीं समाधान नहीं हो रहा है। मार्ग का निर्माण कराया जाए।
अशरफ का कहना है कि बारिश के दौरान मोहल्ले की सड़कों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन में काफी परेशानी होती है। पानी भरने से गड्ढों का पता न चलने पर दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल होते रहते हैं।
मोहम्मद आजम का कहना है कि सबसे अधिक दिक्कत कच्चे रास्ते व गड्ढे होने के कारण स्कूली बच्चों व वृद्धों को होती है, जिन्हें जलभराव और खराब रास्तों से होकर निकलना पड़ता है। फिसलकर गिरने का भय बना रहता है और लोग चोटिल भी हो जाते हैं। मार्ग का निर्माण होना चाहिए।
जमशीद का कहना है कि चुनाव के समय नेता आते हैं, कॉलोनी में मार्ग सहित अन्य विकास के वादे करते हैं, किंतु चुनाव के बाद सब भूल जाते हैं। कोई भी कॉलोनी की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देता। सड़कों का निर्माण कराकर जलभराव से निजात दिलाई जाए।
नगर पालिका ईओ एसपी सिंह का कहना है कि गाजी कॉलोनी अवैध कॉलोनी के रूप में बसी है। नगर पालिका में कुछ भी दर्ज नहीं कराया गया है, जो कॉलोनी को विकसित करता है, वही पानी की निकासी व पेयजल सुविधा उपलब्ध कराए। जब तक कॉलोनी पालिका में नियमानुसार दर्ज नहीं होती, तब तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकतीं।