धनौरी के निकट गड्डे में गिरी कार से शव को निकालती भीड़। कार को काटकर अंदर फंसे शव को निकाला गया।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में अनियंत्रित कार के सड़क किनारे गड्ढ़े में पलटने से कार चला रहे ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कार से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव अम्हेड़ा निवासी शहाबुद्दीन (40) सीसी रोड बनाने के ठेके लेता था। ग्रामीणों के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे शहाबुद्दीन गांव से कार लेकर नूरपुर जाने के लिए निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे पर स्थित गांव धनौरी के निकट उसकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार ने कई पलटे खाए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की छत भी टूट गई। हादसे में घायल हुआ शहाबुद्दीन कार के अंदर फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और युवक के परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से कार को काटकर उसमें फंसे शव को बाहर निकाला। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शहाबुद्दीन के परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अफजलगढ़ में गांव सुआवाला में साइकिल सवार युवक कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया । गांव हरपुर निवासी विशाल पुत्र मदनपाल साइकिल से जब ट्यूशन पढ़ने के लिए सुआवाला जा रहा था तो भूतपुरी जसपुर मार्ग पर पहुंचने पर कार की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे राहगीरों की मदद से इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी गंभीरावस्था के चलते चलते प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। उधर, बास्टा से बाइक द्वारा चांदपुर आ रहे मां-बेटे एक स्कूल बस की चपेट में आने से घायल हो गए। गांव बास्टा निवासी उस्मान की पत्नी अपने पुत्र फैसल के साथ बाइक द्वारा किसी काम से चांदपुर आ रही थी। गांव लुहारपुरा के पास बाइक की चैन उतरकर अटक गई। इससे पीछे से आ रही स्कूल बस की चपेट में आ गए। घायलों को राहगीरों ने बास्टा के अस्पताल में भर्ती कराया।