बहादरपुर सरफुद्दीन में मकान को देखकर नाराज होते डीडीओ।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिट्टी (गारा) से बनाए जा रहे मकान को गिराकर दोबारा बनाने के लाभार्थी को निर्देश दिए गए। इसके अलावा दो लाभार्थियों को मानक का ध्यान न रखने पर नोटिस जारी किए गए। दो शौचालय निर्माण में मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री न लगाए जाने पर ग्राम प्रधान से रिकवरी की जाएगी।
नजीबाबाद तहसील के ब्लॉक किरतपुर के गांव बहादरपुर सरफुद्दीन में बुधवार को जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार ने आवास एवं शौचालय निर्माण का निरीक्षण किया। गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थी किशन देई के नाम स्वीकृत आवास एक माह पहले बनना शुरू हुआ था। डीडीओ मौके पर पहुंचे, तो राज मिस्त्री मकान की चिनाई मिट्टी से करता मिला। डीडीओ ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लाभार्थी को बुलाकर उनसे नाराजगी जताई। डीडीओ ने लिंटर तक बने मकान को गिराकर उसे नए सिरे से सीमेंट-रेत से चिनवाकर पक्का बनाने के कड़े निर्देश दिए।
मिट्टी से मकान की चिनाई को गंभीरता से लेते हुए डीडीओ ने अन्य लाभार्थियों के मकानों का भी निरीक्षण किया, तो दो लाभार्थियों नीलम व ऊषा के मकानों का निर्माण कार्य मानक के अनुरूप नहीं मिला। डीडीओ द्वारा लाभार्थियों को नोटिस जारी किए गए। डीडीओ ने आवास के अलावा शौचालयों का भी निरीक्षण किया। तो लाभार्थी वेदपाल व राजदुलारी के शौचालय निर्माण में खामियां मिलने पर ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह से रिकवरी के लिए कहा गया।