नजीबाबाद के चीनी मिल परिसर में धरना देते किसान।
- फोटो : NAZIBABAD
ऋण प्राप्त होते ही शीघ्र होगा भुगतान
नजीबाबाद। भाकियू तोमर गुट का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर धरना प्रदर्शन मिल परिसर में जारी है। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ने प्रदर्शनकारी किसानों के बीच जाकर उन्हें भुगतान संबंधी स्थिति से अवगत कराया।
भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष चौधरी विशाल वालियान के नेतृत्व में 16 नवंबर को चीनी मिल परिसर में शुरू किया गया धरना सातवें दिन भी जारी रहा। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक सुखवीर सिंह ने सीसीओ डॉ.एसएस ढाका की उपस्थिति में धरना दे रहे किसान प्रतिनिधियों को मिल की आर्थिक चुनौतियों से अवगत कराया।
प्रधान प्रबंधक ने किसानों को बताया कि विषम परिस्थितियों के बावजूद अथक प्रयासों से पांच दिन पूर्व 4.35 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य किसानों के खातों में भेजा गया है। उन्होंने किसानों को बताया कि मिल के गोदाम चीनी से भरे हैं। चीनी की बिक्री में विलंब होने से चीनी मिल आर्थिक चुनौति के दौर से गुजर रही है। उन्होंने 22 करोड़ रुपये भुगतान के लिए मिल द्वारा ऋण स्वीकृत कराने तथा एक माह के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया।
उधर भाकियू तोमर गुट के किसानों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने तक धरना जारी रखने का फैसला लिया है। धरना स्थल पर चंद्रपाल गहलौत, राघव प्रताप, सतवीर सिंह, धर्मेंद्र तोमर, आकाश सैनी, आदेश, हर्ष चौधरी, शान आदि किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।