3.11 करोड़ रुपये का भुगतान जारी, धरना समाप्त
नजीबाबाद। प्रशासनिक अधिकारियों, चीनी मिल प्रशासन की किसानों से वार्ता के बाद भाकियू तोमर गुट का हाईवे जाम टल गया। प्रधान प्रबंधक सुखवीर सिंह ने 10 दिन के भीतर दूसरी बार 3.11 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य भुगतान किसानों के खातों में भेजा।
चीनी मिल प्रबंधक और प्रशासन की सूझबूझ से भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट का 16 नवंबर से चला आ रहा धरना-प्रदर्शन और जाम कार्यक्रम टल गया। भाकियू तोमर गुट के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ.चंद्रवीर सिंह, जिला महामंत्री चंद्रपाल सिंह, धर्मेंद्र तोमर, नौबहार सिंह, इकबाल चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने हाईवे जाम करने की घोषणा की थी। हाल ही में पीसीएस सुखवीर सिंह ने किसान सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक का कार्यभार ग्रहण किया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही गन्ना मूल्य भुगतान और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुधारने में जुटे प्रधान प्रबंधक सुखवीर सिंह ने आंदोलनकारी तोमर गुट के किसानों से वार्ता की।
प्रधान प्रबंधक ने एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, सीसीओ डॉ.एसएस ढाका की उपस्थिति में किसानों के बीच पहुंचकर 3.11 करोड़ रुपये बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जारी करने की जानकारी दी। प्रधान प्रबंधक ने लगभग पौने दो अरब रुपये मूल्य की चीनी की बिक्री और 22 करोड़ रुपये का ऋण लेने के प्रयास की जानकारी दी। किसानों ने एसडीएम मनोज कुमार सिंह को मांग पत्र सौंपा। भाकियू तोमर गुट के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने चीनी मिल प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद धरना, प्रदर्शन समाप्त कर दिया।