नूरपुर में नगरपालिका का निरीक्षण करती शासन से आई टीम।
- फोटो : BIJNOR
सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें
नूरपुर। कोविड 19 से प्रभावित मरीजों के उपचार व इसके संक्रमण के रोकथाम के लिए शासन के निर्देश पर पहुंची टीम ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं नगर पालिका का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था पर अधिक ध्यान देने और पालिका कर्मचारियों से नागरिकों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शासन द्वारा नामित किए गए आईएएस अधिकारी अमरनाथ उपाध्याय एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक लखनऊ डॉ. अनिल मिश्रा रविवार की दोपहर टीम के साथ नूरपुर पहुंचे और सीएचसी, पीएचसी एवं नगरपालिका का निरीक्षण किया। सीएचसी पर चिकित्सा अधीक्षक के अस्पताल के बजाय अपने आवास पर मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए जरूरी निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में सब कुछ ठीक पाया गया। इसके बाद टीम नगर पालिका कार्यालय पहुंची और कर्मचारियों से ओवरहैड टैंक की सफाई व पानी के टेस्टिंग संबंधी जानकारी ली। संबंधित कर्मचारी टीम को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पानी की लगातार टेस्टिंग करने और ओवरहैड टैंक की सफाई पर ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अजय धर्मेेश गंद्धर्व, नगर पालिका लिपिक वीर सिंह, जर्रार अहमद, अतीक अहमद आदि मौजूद रहे।