नजीबाबाद। जनसेवा एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनें रद्द होने से लंबी दूरी के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रद्द ट्रेनों में एक दैनिक, एक साप्ताहिक और एक ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होती है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर रिमॉडलिंग कार्य के चलते अमृतसर से पूर्णियाकोट के बीच संचालित जनसेवा एक्सप्रेस एक मई तक स्थगित है। नियमित रूप से चलने वाली ट्रेन 14617 अप और 14618 डाउन रद्द रहने से लंबी दूरी के यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। गोरखपुर स्टेशन के रिमॉडलिंग कार्य के चलते देहरादून से गोरखपुर के बीच संचालित 15006 डाउन राप्ती गंगा एक्सप्रेस पांच मई तक स्थगित है। देहरादून से गोरखपुर के बीच संचालित सप्ताह में दो दिन चलने वाली ट्रेन 15002 डाउन छह मई तक रद्द की गई है।
उधर, मुजफ्फरपुर से देहरादून के बीच संचालित 15001 अप ट्रेन 28 अप्रैल और पांच मई को रद्द रहेगी। ट्रेनों के रद्द होने से अनेक यात्रियों को सड़क मार्ग से सफर के लिए विवश होना पड़ रहा है।