गंगा बैराज क्षेत्र में बनेंगे पार्क एवं खेल के मैदान : डीएम
बिजनौर। गंगा को स्वच्छ, अविरल और निर्मल बनाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली पांच दिवसीय कार्यक्रम के बेहतर परिणाम सामने आने लगे हैं। लोगों में गंगा के प्रति श्रद्धा बढ़ गई है। गंगा की स्वच्छता के प्रति जन सामान्य में जागरूकता भी बढ़ रही है। यह बात डीएम रमाकांत पांडेय ने कहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री की गंगा यात्रा को लोगों के सामने बेहतर तरीके से पेश करने के लिए मीडिया का आभार जताया।
बृहस्पतिवार को गंगा बैराज के तट पर 27 से 31 जनवरी तक चलने वाली प्रदर्शनी के चौथे दिन पत्रकारों से कहा कि गंगा बैराज घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय एवं बाहर से आने वाले लोगों को सुविधाओं के साथ मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध हो सकेंगे। बैराज क्षेत्र में पार्क एवं खेल के मैदान बनाए जाएंगे। इसके लिए सीडीओ को निर्देशित किया गया है कि वह शीघ्र जगह का चुनाव कर उन्हें बताएं। उन्होंने पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए मोटर बोट की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कहीं। डीएम ने कहा कि गंगा यात्रा के मिशन को सफल बनाने में मीडिया का महत्वपूर्ण स्थान है। जन सामान्य को गंगा की स्वच्छता और पवित्रता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा सकता है। इस मौके पर जिला सूचना कार्यालय की ओर से कलेंडर सहित डीएम, सीडीओ सहित अन्य अधिकारियों, पत्रकारों तथा जन सामान्य को प्रचार साहित्य उपलब्ध कराया गया। इस दौरान सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, डीपीआरओ संतोष कुमार, जिला अर्थ एंव सख्याधिकारी हिरेंद्र, जिला सूचना एंव विज्ञान अधिकारी नंदकिशोर आदि मौजूद रहे।