संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। जिले में इसके लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए लेकिन बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं अन्य अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। उन्हें परीक्षा देने मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अमरोहा और मुरादाबाद जाना होगा। कई शिक्षक दंपती इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं लेकिन एक मामला ऐसा भी है जिसमें माता-पिता के साथ बेटा भी परीक्षा देने जाएगा। हालांकि तीनों के परीक्षा केंद्र अलग-अलग हैं।
कंपोजिट विद्यालय सुनपता में कार्यरत शिक्षक संजीव राठी और मलकपुर देहरी विद्यालय में कार्यरत उनकी पत्नी अनुज ने भी इस बार टीईटी के लिए आवेदन किया है। उनके साथ उनका पुत्र वैभव राठी भी टीईटी की परीक्षा में शामिल होगा। संजीव राठी को मुजफ्फरनगर में जैन कन्या इंटर कॉलेज तथा पुत्र को दीपचंद ग्रेन चैंबर स्कूल मुजफ्फरनगर में परीक्षा केंद्र आवंटित हुआ है। अनुज को अमरोहा में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है।
तीनों परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। उधर, परीक्षा की तैयारी के लिए बहुत से परिषदीय शिक्षक अवकाश पर रहे। हालांकि बुधवार को बारिश के चलते स्कूलों में बच्चों की संख्या भी कम रही लेकिन परीक्षा के तीनों दिनों में भी विद्यालय में शिक्षकों की कम उपस्थिति रहेगी। प्रदेश सरकार ने शिक्षकों को परीक्षा देने के लिए एक दिन का विशेष अवकाश देने की घोषणा की है।