संकुल शिक्षक अब शिक्षा को देंगे नई धार
बिजनौर। शासन के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अब न्याय पंचायत स्तर पर संकुल शिक्षक तैनात किए गए हैं। ये संकुल शिक्षक शिक्षा को नई धार देंगे। ऑनलाइन शिक्षण में स्कूलों के शिक्षकों का सहयोग भी करेंगे। जिले में बीएसए के निर्देश पर प्रत्येक न्याय पंचायत में पांच-पांच शिक्षकों को संकुल शिक्षक बनाया गया है।
अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए न्याय पंचायत स्तर पर पांच-पांच शिक्षकों को संकुल शिक्षक के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर बीएसए महेश चंद्र ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को न्याय पंचायत स्तर पर संकुल शिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए थे। प्रत्येक न्याय पंचायत पर पांच-पांच शिक्षकों संकुल शिक्षक के रूप में चयन कर शासन को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है। संकुल शिक्षकों के कंघों पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संकुल शिक्षक ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था में शिक्षकों का सहयोग करेंगे। साथ ही दीक्षा एप पर होने वाले प्रशिक्षण में भी शिक्षकों को प्रशिक्षण के लाभ व स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था, अन्य कार्यों में भी सहयोग करेंगे। शिक्षा सत्र 2019-20 में स्कूलों शिक्षा में सुधार के लिए अकादमिक रिसोर्स पर्सन नियुक्त किए गए थे। पर यह रिसोर्स पर्सन स्कूलों में कोई खास छाप नहीं छोड़ पाए। अब शासन ने संकुल शिक्षक तैनात किए हैं। ताकि परिषदीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हो सकें। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि संकुल शिक्षकों को शासन के निर्देशों से अवगत करा दिया गया है।