शेरकोट के गांव भिक्कावाला में पोषक नहर में डूबे व्यक्ति को तलाश करते पीएसी के जवान
- फोटो : DHAMPUR
पीएसी ने मोटर वोट से नहर में हरदीप को तलाशा, नहीं मिला
बिजनौर, शेरकोट। दोस्तों के साथ नहर में नहाने के दौरान डूबे हरदीप सिंह का सोमवार को भी गोताखोरों के प्रयास के बाद भी पता नहीं लग सका है। हरदीप सिंह भाजपा अनुसूचित मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है।
गांव भिक्कावाला निवासी हरदीप (32) अपने दोस्तों के साथ रविवार को गांव के पास से गुजर रही पोषक नहर में नहाने को गया था। नहाने के दौरान वह डूब गया। रविवार को लोगों ने उसे काफी तलाश किया। सोमवार को पीएसी के जवानों ने मोटर वोट से हरदीप की नहर में तलाश की। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। एसओ ने बताया कि पुलिस गोताखोरों की मदद से घटना स्थल से करीब दो किमी दूर तक तलाश कर चुकी है।
उधर हरदीप सिंह के डूबने की सूचना पर क्षेत्र के कई भाजपा नेताओं ने घटनास्थल पर पहुंच कर वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से उसे गहनता से तलाश करवाने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष बाल्मीकि, नगीना लोकसभा के पूर्व सांसद डा. यशवंत सिंह भी मौके पर पहुंचे। सभी ने हरदीप के परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
गौरतलब है कि हरदीप सिंह की पत्नी याचिका ने घटना के बाद रविवार को ही गांव के तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में इन लोगों पर साजिश के तहत घर से बुलाकर नहर में डुबोने का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। बताया कि तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।