नजीबाबाद में ऑक्सीजन गैस गोदाम की जांच करते एसडीएम।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद। ऑक्सीजन गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। एसडीएम परमानंद झा ने बुंदकी मार्ग पर ऑक्सीजन गैस के एक प्रतिष्ठान का स्टॉक चेक किया।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते अस्पतालों में ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम परमानंद झा ने नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर ऑक्सीजन गैस के सप्लायर गोयल एजेंसीज प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया और कोटद्वार तथा अन्य क्षेत्रों से औद्योगिक कार्यों के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर लेने आए वाहनों को बैरंग लौटा दिया। उन्होंने कहा कि मानवीय दृष्टि से ऑक्सीजन का प्रयोग जान बचाने के लिए पहले आवश्यक है।
एसडीएम ने नगर के एक नर्सिंग होम को 30 ऑक्सीजन सिलिंडर देने तथा अन्य ऐसे अस्पतालों जिनमें कोविड सेंटर नहीं हैं, उनमें ऑक्सीजन की आपूर्ति करने पर नाराजगी व्यक्त की। एजेंसी पर 135 ऑक्सीजन गैस सिलिंडर पाए गए, इनमें लगभग डेढ़ टन ऑक्सीजन गैस होने की जानकारी दी गई। एसडीएम ने अस्पतालों को अनावश्यक ऑक्सीजन आपूर्ति तत्काल रोकने के प्रतिष्ठान स्वामी हर्ष गोयल को निर्देश दिए। प्रतिष्ठान पर तत्काल प्रभाव से दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए। एसडीएम ने नगर तथा आसपास के अस्पतालों को ऑक्सीजन गैस की मांग का आवेदन करने को कहा है। आवेदन पर अस्पतालों को उनकी आवश्यकता की ऑक्सीजन आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी। एसडीएम परमानंद झा ने चेतावनी दी कि यदि ऑक्सीजन गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी प्रतिष्ठानों या अस्पतालों में पकड़ी जाती है तो कोविड-19 गाइड लाइन प्रावधान के अनुसार कठोर दंड दिया जाएगा।