धामपुर। उत्तर प्रदेश स्कूल शिक्षा राज्य परियोजना के महानिदेशक डा. विजय किरन आनंद के आदेश पर जनपद बिजनौर के सभी प्राइमरी और उच्च प्राइमरी स्कूलों में 24 सितंबर को मीना मंच दिवस के मौके पर ऑनलाइन पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें ऑनलाइन बच्चे प्रतिभाग करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी योगेश पाल ने बताया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। प्रदेश के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मीना मंच गठित हैं। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में जीवन कौशल, शिक्षा तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण के कार्यक्रम चल रहे हैं। बालिका शिक्षा के मुद्दे पर जन समुदाय को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम राज्य परियोजना द्वारा संचालित हैं। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मीना मंच एक सशक्त माध्यम है। प्रत्येक वर्ष 24 सितंबर को मीना मंच दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। 2020 में कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित ऑनलाइन पोस्टर प्रतियोगिता होगी। पोस्टर प्रतियोगिता के शीर्षक शिक्षक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, दहेज एक सामाजिक कुप्रथा, बाल विवाह से होने वाला कुप्रभाव, महावारी स्वच्छता प्रबंधन, नशा करे नाश, शिक्षित बेटी सशक्त समाज, आत्मरक्षा के उपाय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता शामिल है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऑनलाइन पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कराने की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं।