खरीफ में होगी प्याज की खेती, मुफ्त मिलेगा बीज
बिजनौर। जिले में इस बार पहली बार खरीफ के समय प्याज की खेती कराई जाएगी। इसका ट्रायल कृषि विभाग के फार्म के बजाए खेतों पर ही किया जाएगा। किसानों को प्याज का बीज मुफ्त दिया जाएगा। जिले में खरीफ सीजन में 50 हेक्टेयर जमीन में प्याज की खेती कराई जाएगी। ट्रायल सफल हुआ तो किसान खरीफ में भी प्याज की खेती कर सकेंगे।
जिले में प्याज की खेती बहुत कम रकबे में होती है, जबकि प्याज की मांग बहुत है। जिले में प्याज महाराष्ट्र से आती है। वैसे किसान सब्जी आदि की खूब खेती करते हैं, लेकिन प्याज से किसानों ने दूूरी ही बना रखी है। यहां प्याज रबी सीजन में नवंबर, दिसंबर में बोई जाती है। प्याज से किसानों को अच्छी आमदनी होती है। उद्यान विभाग की ओर से इस साल पहली बार किसानों से खरीफ सीजन में प्याज की बुवाई कराई जाएगी। अगस्त और सितंबर में प्याज की फसल बोई जाएगी। शासन की ओर से इस बार खरीफ सीजन में 50 हेक्टेयर जमीन में प्याज की खेती कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए किसानों को मुफ्त बीज बांटा जाएगा। किसानों को पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर प्याज का बीज दिया जाएगा। इससे किसानों को फायदा भी होगा और गन्ने पर उनकी निर्भरता भी कम होगी। अगले साल और ज्यादा रकबे में किसान प्याज की खेती के बारे में जागरूक होंगे।
रेतीली जमीन में हो सकती है खेती
कृषि वैज्ञानिक डॉ. केके सिंह के अनुसार अगस्त और सितंबर में जिले में बारिश होती है। रेतीली जमीन में प्याज की खेती की जा सकती है। अगर प्याज की खेती सफल होती है तो किसानों को बहुत फायदा होगा। वहीं, जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार के अनुसार जिले में किसानों को प्याज का बीज मुफ्त बांटा जाएगा। किसानों को सभी तरह की फल-सब्जी की खेती के लिए जागरूक किया जा रहा है। कम समय में तैयार होने वाली फसलों में ज्यादा आमदनी होती है।