गुलदार की हत्या के आरोप में एक नामजद अन्य अज्ञात
नजीबाबाद। गांव मौअज्जमपुर सादात में हुई गुलदार की मौत मामले में सामाजिक वानिकी की ओर से ग्रामीण भोला और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट की गई है। दो किशोरों पर हमले के बाद ग्रामीणों ने गुलदार को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला था।
नगीना देहात के गांव मौअज्जमपुर सादात में बुधवार की देर शाम गिल्ली-डंडा खेल रहे गांव के दो किशोरों 14 वर्षीय साजन और 12 वर्षीय कमल पर गुलदार ने हमला कर दिया था। जिससे दोनों किशोर घायल हो गए थे। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों द्वारा गुलदार को लाठी डंडों से पीटकर मार डाला। मृत गुलदार के पास खड़े ग्रामीणों के जारी वीडियो के आधार पर पुलिस ने मौअज्जमपुर सादात निवासी भोला के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
नजीबाबाद। नगीना देहात के गांव मौअज्जमपुर के ग्रामीणों का वन विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप है। जोगीरम्पुरी निवासी समाजसेवी अकबर हुसैन लखनवी और फरहान खान ने बताया कि गांव जोगीरम्पुरी, मौअज्जमपुर क्षेत्र में जनवरी में कई बार गुलदार देखा गया था। जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। किसान खेतों पर काम करने नहीं जा रहे थे। उन्होंने गुलदार के क्षेत्र में देखे जाने की सूचना सामाजिक वानिकी विभाग को दी गई थी। कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का कहना है कि सामाजिक वानिकी अधिकारी यदि जागरूक होते और समय से कार्रवाई की गई होती तो गांव मौअज्ज्मपुर का हादसा नहीं होता।