बिजनौर में पत्रकारों से वार्ता करते भाकियू अराजनैतिक के प्रदेशाध्यक्ष दिगम्बर सिंह। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के युवा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे बिजनौर से होकर गुजरना चाहिए। इसके लिए संगठन से जुड़े सभी लोग मुख्यमंत्री को एक लाख पोस्ट कार्ड भेजेंगे। पोस्ट कार्ड में गन्ना मूल्य बढ़ाने, नजीबाबाद चीनी मिल की क्षमता बढ़ाने की भी मांग रखी जाएगी।
शनिवार को पार्टी कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस मुहिम से जनप्रतिनिधि, आम जनता को जुड़ना चाहिए। कहा कि बिजनौर जनपद के प्रभारी मंत्री को यहां के विकास व जनता के हित के लिए कार्य करना चाहिए। कहा कि 2028 में हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होगा। इसके लिए प्रदेश के आसपास के जिलों में कई विकास कार्य होंगे। परंतु बिजनौर इस प्लान से अभी वंचित है। उन्होंने सरकार से बिजनौर जनपद में एक कृषि यूनिवर्सिटी कृषि विज्ञान केंद्र में बनवाने, गन्ना मूल्य बढ़ोत्तरी कराने, गंगा एक्सप्रेस-वे बिजनौर से होकर निकलवाने की मांग रखी। कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह गंगा एक्सप्रेस-वे बिजनौर से निकलवाने के लिए गंगा किनारे पद यात्रा निकालेंगे। शिवसेना के जिला प्रमुख चौधरी वीर सिंह ने भी इस मुहिम को अपना समर्थन दिया। कहा कि जिले के विकास के लिए वह उनके साथ है।