रोजाना बिक जाती है डेढ़ करोड़ की शराब
बिजनौर। जिले के लोग रोजना डेढ़ करोड़ रुपये की शराब और बीयर पी जाते हैं। शराब व बीयर की दुकानों पर रोज इतनी रकम की शराब बिक रही है। शराब व बीयर के शौकीन नशे की अपनी इस लत को आए दिन बढ़ा रहे हैं। जिले में देशी शराब की 156 और अंग्रेजी शराब की 94 दुकानें हैं।
जिले में शराब या बीयर की लत लोगों में बढ़ रही है। लॉकडाउन के दौरान शराब व बीयर की दुकान बंद होने से ये लोग शराब व बीयर के लिए तड़पते रहे थे। आलम ये था कि इन लोगों ने दोगुने दामों में शराब चोरी छिपे खरीदकर पी। तमाम लोग ऐसे भी रहे जो केवल अंग्रेजी शराब पीते थे पर उन्होंने मजबूरी में देशी शराब तक का सेवन किया। देशी शराब खरीदने के लिए कई किलोमीटर तक जाते थे। जिन लोगों ने लॉकडाउन के दौरान शराब छोड़ी थी, वे भी अब पुराने ढर्रे पर उतर आए हैं। अब ऐसे लोगों ने भी फिर से शराब का सेवन करना शुरू दिया है। लॉकडाउन के बाद शराब की दुकानें खुलने से शराब पीने वालों के चेहरे खिल उठे थे, अब इन लोगों को शराब को लेकर कोई परवाह नहीं है।
लॉकडाउन के दौरान अवैध शराब का कारोबार करने वाले सक्रिय हो गए थे। इनके पास गैर राज्य की शराब चोरी छिपे रखी थी। उन्होंने मोटे दामों में शराब को बेच डाला। जिले में 156 देशी शराब, 94 अंग्रेजी शराब, 67 बीयर, छह मॉडल शॉप के अलावा आठ भांग की दुकान हैं। शराब व बीयर की इन दुकानों पर रोजाना डेढ़ करोड की शराब व बीयर बिकती है। दिन निकलने से रात होने तक शराबी सक्रिय रहते हैं। जिल आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार के मुताबिक रोजाना जिले में औसतन डेढ़ करोड़ की शराब व बीयर बिकती है।
एक साल में ये शराब हुई बरामद
बिजनौर। जिले की पुलिस ने पिछले एक साल में 3376 लीटर अंग्रेजी शराब, 37,115 लीटर देशी और कच्ची शराब बरामद की गई । 1665 अभियोग पंजीकृत हुए। 1803 अवैध शराब का कारोबार करने वालों को पुलिस ने दबोचा।