बिजनौर में जिला प्रशासन ने पेद्दा की घटना के मद्देनजर दो अक्तूबर को इंदिरा बाल भवन में राष्ट्रीय किसान मजदूर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी ओमवेश की जय जवान जय किसान भारत माता की जय महारैली पर रोक लगा दी है। सात नवंबर तक जिले में धारा-144 लागू रहने का हवाला देते हुए रैली पर पाबंदी लगाई गई है। उधर, ओमवेश ने अगली रणनीति के लिए 28 सितंबर को पार्टी की बिजनौर के डाक बंगले में बैठक बुलाई है।
पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश काफी दिनों से दो अक्तूबर को इंदिरा बाल भवन में होने वाली महारैली की तैयारी में जुटे थे। रैली में भारी भीड़ आने की उम्मीद जताई जा रही थी। स्वामी ओमवेश के पीआरओ संसार सिंह ने रैली के लिए इंदिरा बाल भवन को बुक कराया था। एसडीएम अनुज सिंह ने रैली पर प्रतिबंध लगाते हुए इंदिरा बाल भवन की बुकिंग को भी रद्द कर दिया है। तहसील स्टाफ की ओर से रैली पर प्रतिबंध लगाने की लिखित सूचना स्वामी ओमवेश को दे दी गई है। एसडीएम अनुज सिंह ने आदेश में कहा है के जिले में नौ सितंबर से सात नवंबर तक धारा 144 लागू है। गांव पेद्दा के हुई घटना के दृष्टिगत जिले में वर्तमान समय में संवेदनशीलता की स्थिति है।
जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखना अति आवश्यक है। इसलिए रैली को निरस्त किया जाता है। ओमवेश ने रैली में पेद्दा के की घटना में फंसे निर्दोष लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए आवाज उठाने को कहा था।