हादसों में वृद्ध और युवक की मौत
अफजलगढ़/शेरकोट। दो बाइक के आपस में टकराने से एक बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं, शेरकोट के मोहल्ला अफगानान निवासी युवक का हाथ पेस्टिंग मशीन में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बृहस्पतिवार दोपहर ठाकुरद्वारा के गांव मलपुरा लक्ष्मीनगर निवासी रामकिशोर (65) तथा स्योहारा के मोहल्ला मिलकियान निवासी शहजाद अलग-अलग बाइकों से स्योहारा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे अफजलगढ़ थाने के गांव जटपुरा के समीप पहुंचे तभी मोड़ पर दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। रामकिशोर सड़क पर गिर गए तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि शहजाद को राहगीरों ने घायल अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल नरेश कुमार घटना की पुष्टि की है।
वहीं, शेरकोट के मोहल्ला अफगानान निवासी रिजवान (32) पुत्र रईस अहमद रामसहायवाला के निकट स्थित गत्ता फैक्ट्री में कार्य करता था। बुधवार की रात काम करते समय अचानक उसका हाथ पेस्टिंग मशीन में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे धामपुर के एक अस्पताल में पहुंचाया। मुरादाबाद ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। संवाद