अलविदा जुमे की नमाज अदा की, मांगी खुशहाली की दुआएं
नजीबाबाद। अलविदा जुमे की नमाज जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई। सड़क पर नमाज रोकने के लिए मस्जिदों के बाहर पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था रही।
मुकद्दस रमजान के आखिरी जुमे की नमाज पढ़ने के लिए मुस्लिमों में सुबह से ही उत्साह दिखाई दिया। जामा मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज के लिए खास व्यवस्थाएं की गईं। जामा मस्जिद में पेश इमाम मौलाना मो.ईसा ने अलविदा जुमे की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद अमनो-अमान, खुशहाली और बीमारों को शिफा की दुआएं मांगी गईं।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी के नेतृत्व में अलविदा जुमे के दौरान सड़कों पर नमाज अदा न हो इस पर कड़ी निगाह रखी गई। जामा मस्जिद सहित लगभग सभी मस्जिदों पर जुमे की नमाज के दौरान पुलिस तैनात रही।
जलालाबाद, साहनपुर, नांगलसोती, भागूवाला, मंडावली में भी अलविदा जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में पहुंचे। उधर, जोगीरम्पुरी में शिया मुस्लिमों ने मस्जिदे अक्सा, मस्जिदे आयशा, जामा मस्जिद आदि मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा की। दरगाह परिसर में मौलाना आबिद मेंहदी ने जुमे की नमाज अदा कराई।
सात वर्षीय अबू हुरैरा ने रखा रोजा
नजीबाबाद। वाहिद नगर निवासी मीडियाकर्मी शहजाद नोमानी के सात वर्षीय पुत्र अबू हुरैरा ने अलविदा जुमे पर पहला रोजा रखा। अबू हुरैरा का कहना है कि रोजा-नमाज के पाबंद लोगों पर अल्लाह की रहमतें बरसतीं हैं।