बिजनौर के राजा का ताजपुर क्षेत्र के गांव रवाना में बुखार के कारण एक और महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही गांव में बुखार से मरने वालों की संख्या 25 हो गई है।
गांव रवाना निवासी मुन्नी पत्नी यूसुफ अहमद कई दिन से बुखार की चपेट में थी। उसका बिजनौर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुन्नी की मौत के साथ ही गांव में बुखार से मरने वालों की संख्या 25 पहुंच गई है। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अभी भी बुखार से पीड़ित हैं। उधर, राजा का ताजपुर में एसडीएम चांदपुर आजाद भगत सिंह ने गांव का निरीक्षण किया तथा गांव में फैली गंदगी को देखते हुए कड़ी नाराजगी जताई। एसडीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र सिंह को गांव में अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाकर गांव की सफाई कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने गांव के बीच से निकल रहे खलिया नाले की सफाई कराने की मांग की, इसके अलावा इंटर कॉलेज के पास खाली पड़ी सहकारी समिति की जमीन पर डाले गए कूड़े को हटवाने की मांग की। एसडीएम ने इस संबंध में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कुनाल को गांव में कैंप लगाकर बुखार पीड़ितों का इलाज करने को कहा।