हंगामे की भेंट चढ़ा पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण
शिवालाकलां। ग्राम पंचायत सदस्यों के शपथ ग्रहण में महिला सदस्यों के पति शपथ लेने पहुंच गए। प्रधान ने टोका तो उन्होंने प्रधान से गाली गलौज करते हुए हंगामा किया। हंगामे की वजह से पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण नहीं हो पाया।
रविवार देर शाम ग्राम पंचायत शिवालाकलां की पंचायतघर में ग्राम प्रधान जाबिर खां की अध्यक्षता व ग्राम विकास अधिकारी रितिक सूदन के संचालन में नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों की शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। शपथ लेने के लिए महिला ग्राम पंचायत सदस्यों के बजाये उनके पति पहुंच गए। ग्रामप्रधान जाबिर खां ने महिला ग्राम पंचायत सदस्यों के ही शपथ लेने की बात कही तो वहां पर मौजूद ग्राम पंचायत सदस्य यूनुस खां, शमीम अहमद, नाजिम खां, शहनाज खातून, रेहाना खातून, अनिल कुमार, सोनू, आरती देवी, सदस्यों के पति और ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की बात पर विरोध करते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची ने सभी को शांत कर घर भेजा। ग्राम विकास अधिकारी रितिक सूदन ने बताया कि हंगामे के कारण ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई है। इसके विषय में विभाग को सूचना दी गई है।