हल्दौर। पूर्व राज्यमंत्री ने अपने गोद लिए गांव पैजनियां स्थित जच्चा-बच्चा केंद्र पर ताला लटका देख कड़ी नाराजगी जताई। वहां पर टीकाकरण के लिए लगाई गई स्वास्थ्य विभाग की टीम नदारद मिली। उन्होंने इस मामले की शिकायत सीएमओ से की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारियों के लिए संगठन के पदाधिकारियों को करीब एक माह तक न्याय पंचायत स्तर पर केंद्रों को गोद लेकर वहां की व्यवस्थाएं देखने और कोरोनारोधी टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति को कोरोना वायरस से बचाव का टीका निर्धारित अवधि में लगे। सोमवार को पूर्व राज्यमंत्री महावीर सिंह ने अपने गोद लिए नूरपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव पैजनियां स्थित जच्चा-बच्चा केंद्र पर पहुंचे, लेकिन उन्हें इस केंद्र पर टीकाकरण कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम नदारद मिली और केंद्र पर भी ताला बंद मिला। इससे मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। पूर्व राज्यमंत्री ने फोन पर इस मामले की शिकायत सीएमओ डा. विजय कुुमार गोयल से की। पूर्व राज्य मंत्री के दो घंटे प्रतीक्षा करने के बाद भी वहां पर कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा। इसके साथ ही जच्चा-बच्चा केंद्र के आसपास काफी गंदगी मिली, जिसे देख वे आग बबूला हो गए। कुछ ग्रामीणों ने भी इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करने की बात कही है। नूरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अजय धर्मेश गंधर्व का कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु वाले युवाओं का टीकाकरण नूरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं मोरना न्याय पंचायत पर किया जा रहा है। गांव पैजनियां के जच्चा-बच्चा केंद्र पर टीकाकरण कुछ दिन बाद किए जाने की बात कही है।