अब टीबी रोगियों के परिजनों को भी दी जाएगी दवा
बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग टीबी को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। जिसके चलते अब जिले में टीबी मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग टीबी से ग्रसित मरीज के परिजनों को भी टीबी की दवाई देगा।
स्वास्थ्य विभाग ने टीबी रोगियों के परिजनों की स्क्रीनिंग करने के लिए योजना बना ली है। अभी तक केवल पांच साल के बच्चों को ही विभाग की ओर से प्रिवेंटिव थेरेपी दी जाती है, लेकिन अब टीबी से ग्रसित मरीज के घर के सभी सदस्यों की स्क्रीनिंग होगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर प्रिवेंटिव थेरेपी व एहतियात के तौर पर दवा भी दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देने के बाद इस पर काम किया जाएगा। जिले में इस समय टीबी से ग्रसित 5097 मरीजों का इलाज चल रहा है। साथ ही मरीजों की लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. बीएस रावत ने बताया कि टीबी रोगी लगातार परिवार के सदस्यों के संपर्क में रहता है। जिसके चलते परिवार के सदस्यों में भी टीबी होने की आशंका बनी रहती है। जिसके चलते टीबी मरीज को प्रिवेंटिव थेरेपी और दवा दी जाएगी।