- सात दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी, जमीन संबंधी दस्तावेज भी मांगे
- पालिका प्रशासन की कार्रवाई से दुकानदारों में मची खलबली
नगीना। नगर पालिका परिषद प्रशासन ने गांधी मूर्ति से साहू सिनेमा तक मार्ग पर स्थित 31 दुकानदारों को पालिका की भूमि पर अतिक्रमण करने के संबंध में नोटिस जारी किए हैं। नोटिस मिलने के बाद दुकानदारों में खलबली मची हुई है। पालिका प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों को सात दिन के भीतर अपने जमीन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने और अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं।
बताया जाता है कि एक दुकानदार द्वारा अपनी आराजी में निर्धारित क्षेत्रफल से अधिक हिस्से में दुकान का निर्माण किए जाने की शिकायत के बाद जांच के लिए टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान संबंधित दुकानदार ने मार्ग पर अन्य दुकानदारों द्वारा भी अतिक्रमण किए जाने की बात कही। इसके बाद पालिका प्रशासन ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए गांधी मूर्ति से साहू सिनेमा तक के मार्ग पर कथित तौर पर अतिक्रमण करने वाले 31 दुकानदारों को नोटिस जारी किए। नोटिस में दुकानदारों को सात दिन का समय देते हुए अपने भूमि संबंधी दस्तावेज पालिका कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, यदि किसी दुकानदार ने अपनी आराजी से अधिक हिस्से में अतिक्रमण कर रखा है तो उसे निर्धारित अवधि में स्वयं हटाने की चेतावनी भी दी गई है।
उधर जानकार लोगों का कहना है कि पालिका प्रशासन द्वारा पूर्व में भी अतिक्रमण करने वाले लोगों को कई बार नोटिस थमाए गए हैं लेकिन कुछ दिन बाद मामला ठंडा बस्ते में चला जाता है। लोगों का आरोप है कि हिंदू इंटर कॉलेज मार्ग पर भी लोगों ने पालिका आराजी पर खूब स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण कर रखा है। यहां तक कि कई लोगों ने सड़क पर ही लोहे की सीढ़ियां बना ली हैं। लेकिन पालिका प्रशासन इन सब पर कार्रवाई करने से हमेशा बचता हुआ नजर आता है।
सात दिन की अवधि समाप्त होने के बाद जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर पालिका प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण खुद हटाएगा। कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदारों को अपने भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। -सतीश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, नगीना