- डीएम आवास के सामने की सड़क बदहाल, उड़ रही धूल से हवा हुई खराब
- शासन ने शहरी सड़कों पर दिखाई थी सख्ती, टूटी सड़कें दे रही हवाई दावों गवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ''तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम गुलाबी है, मगर ये आंकड़े झूठे हैं ये दावा किताबी है'' कवि अदम गोंडवी की ये लाइनें शहर में प्रदूषण की पोल खोल रही हैं। प्रदूषण विभाग का दावा है कि हवा साफ है, लेकिन हकीकत में टूटी सड़कों से उड़ रही धूल से लोगों का दम घुट रहा है। डीएम आवास की तरफ फोन पर एक्यूआई 158 दिखाई दिया।
शहर में जजी चौराहे से लेकर रोडवेज बस स्टैंड तक सड़क खस्ताहाल है। गड्ढे भरने के लिए गड्ढों में मिट्टी और बजरी डाल दी। अब यहां से गुजरने वाले वाहनों से उड़ रही धूल से दिन में सड़क पर धुएं जैसी धुंध छा रही है। ऐसे में लोगों का निकलना दूभर हो गया है। धूल की वजह से अस्थमा रोगियों की परेशानी बढ़ रही है। प्रदूषण विभाग शक्ति चौराहे के पास एक अक्तूबर को एक्यूआई 63 होने का दावा कर रहा है। जबकि यहां से 500 मीटर दूर एक्यूआई तीन गुना है। जी हां, शुक्रवार को टीम ने डीएम आवास की तरफ एक्यूआई की पड़ताल की। पड़ताल में सामने आया कि यहां फोन एक्यूआई 158 रहा। इसका कारण, सड़क पर उड़ रही धूल है। वहीं हकीकत में हालात और खराब हैं।
सड़क पर नहीं डाल सकते मिट्टी
नियम है कि सड़क पर मिट्टी नहीं डाल सकते हैं। अगर मिट्टी डाली जाती है तो उस पर पानी का छिड़काव कराना जरूरी है ताकि धूल उड़ने से प्रदूषण न हो। लेकिन बिजनौर में तो डीएम आवास के पास ही नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं। संबंधित विभाग ने गड्ढों में मिट्टी और बजरी डालकर छोड़ दी। उस पर न तो पानी का छिड़काव कराया और न ही तारकोल डलवाया गया। अब यह राहगीरों की परेशानी बना हुआ है।
धूल उड़ने से आंखों में हुई एलर्जी की समस्या
राहगीर नृपेंद्र देशवाल ने कहा कि शहर की सड़कें खस्ताहाल हैं। इससे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर उड़ रही धूल से आंखों में एलर्जी की समस्या हो गई है। इसका जल्द समाधान होना चाहिए।
वाहनों की आवाजाही और मिट्टी से बढ़ा प्रदूषण
राहगीर राहुल राजपूत का कहना है कि जजी चौराहे से रोडवेज बस स्टैंड के पास तक सड़क बहुत खराब है। यहां से गुजरना दूभर रहता है। पूरे दिन वाहनों की आवाजाही से प्रदूषण होने से लोगों का दम घुट रहा है।
गड्ढों में मिट्टी डालने से बढ़ी परेशानी
अधिवक्ता राजीव धीमान ने बताया कि उनका रोजाना इसी रास्ते से आना-जाना रहता है। पिछले कुछ दिनों से सड़क बेहद खराब हो गई है। गड्ढों में मिट्टी डालने से परेशानी बढ़ रही है। धूल की वजह से आंखें तक नहीं खुल पाती हैं।
जल्द हो टूटी सड़क की मरम्मत
अधिवक्ता वरुण कुमार ने कहा कि शहर की सड़कें ही बदहाल हैं। नगीना मार्ग और रोडवेज बस स्टैंड की तरफ का मार्ग पूरी तरह टूटा हुआ है। यहां मिट्टी डालने से समस्या और बढ़ गई है। इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए।
वर्जन :
सड़क पर मिट्टी डालने पर लगातार पानी का छिड़काव होना चाहिए। डीएम आवास की तरफ बढ़े एक्यूआई की मॉनिटरिंग कराई जाएगी। साथ ही संबंधित विभाग को सड़क पर पानी छिड़काव के लिए पत्र लिखा जाएगा। - गिरीश चंद्र आर्या, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
- जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर आमंत्रित किया गया है। धूल उड़ने की समस्या के समाधान के लिए पानी का छिड़काव कराया जाएगा। - यशवंत सिंह, अवर अभियंता, नगर पालिका बिजनौर