बिजनौर में कार्तिक पूर्णिमा की छुट्टी के मौके पर बैंकों के साथ-साथ एटीएम मशीनों पर भी ताले लटके रहे। जिला मुख्यालय पर केवल एसबीआई का एसपी कार्यालय के बाहर स्थित एटीएम मशीन से ही रुपये निकले। वहां रुपये लेने के लिए कतार लग गई। लेकिन कैश कम होने से एक ही घंटे में मशीन खाली हो गई। हालांकि मंगलवार को कई बैंकों में कैश आने की संभावना जताई जा रही है।
500 और 1000 के नोट बदलवाने के लिए सोमवार को भी काफी लोग बैंकों में पहुंचे। लेकिन अवकाश होने के कारण बैंक बंद मिले और एटीएम से भी कैश नहीं निकला। एसबीआई के एसपी कार्यालय के पास स्थित एटीएम में कैश तो था मगर एक घंटे में ही नगदी खत्म हो गई। मंगलवार को कई बैंकों में कैश आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अजय कुमार के अनुसार पीएनबी की नजीबाबाद स्थित करेंसी चेस्ट में मंगलवार को रुपया आ जाएगा। अभी भी बैंकों में कैश बांटा जा रहा है। एसबीआई के मुख्य प्रबंधक ओमप्रकाश के अनुसार मंगलवार को कैश आने का पूरा अनुमान है।
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शिवराज के अनुसार मंगलवार को कैश आ जाएगा। सभी शाखाओं में कैश बांटा जाएगा। जिला सहकारी बैंक के उपमहाप्रबंधक सनव्वर अली के अनुसार उनके यहां भी जल्द ही नगदी मिलने की पूरी संभावना है।