जिले में नहीं मिला एक भी कोरोना संक्रमित
बिजनौर। जनपद में तीन माह बाद बुधवार को एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। वहीं, दूसरी ओर प्रशासन ने शून्य का आंकड़ा आने पर स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरकरार रखने के निर्देश दिए। अभी तक सबसे अधिक नए केस की बात करें तो पिछले महीने की नौ तारीख को 796 कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे।
अब जिले में कोरोना की रफ्तार थमने लगी है। बुधवार को प्राप्त हुई कुल 2790 जांच रिपोर्ट में से एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। सीएमओ डॉ. विजय कुुमार गोयल ने बताया कि अब तक जनपद से कुल पांच लाख 73 हजार 156 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से कुल पांच लाख 70 हजार 428 रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें से कुल 14 हजार 657 कोरोना पॉजिटिव और पांच लाख 55 हजार 771 नेगेटिव आई हैं। जिले में ठीक होने वाले मरीजों की स्थिति पर नजर डालें तो अब तक कुल 14 हजार 443 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है और 103 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन मामले घटकर 111 पर पहुंच गए हैं। नौ मई को अब तक का रिकॉर्ड टूटा था, जबकि बुधवार को तीन माह बाद एक भी केस नहीं मिला।
दूसरी लहर में सहम गए थे लोग
कोरोना की दूसरी लहर ने जिले में कहर बरपाया था। 25 अप्रैल से 15 मई के बीच मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी थी। इसके अलावा जिला अस्पताल के सस्पेक्टेड वार्ड में भी मरने वालों की संख्या बहुत तेज हो गई थी। हालांकि इसमें से किसी की भी कोरोना की जांच ही नहीं हुई थी, लेकिन वार्ड में भर्ती रहे मरीज आज भी मौत का भयानक मंजर नहीं भूल पा रहे हैं।
सतर्कता बढ़ाने की जरूरत : डीएम
डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शून्य केस आना जहां उपलब्धि माना जा सकता है, वहीं यह सतर्कता बरकरार रखने का संकेत भी है। पिछले कुछ दिनों में बरती गई सतर्कता और ग्राउंड लेवल पर हुए काम के कारण ही कोरोना की दूसरी लहर पर नियंत्रण हुआ है। लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन कराना होगा, वहीं कोरोना नियंत्रण में लगी टीम को तत्परता और ग्राउंड लेवल पर काम जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जून माह में मिले कोरोना पॉजिटिव केस
एक जून-27
दो जून-18
तीन जून-21
चार जून-07
पांच जून-05
छह जून-11
सात जून-05
आठ जून-06
नौ जून- 0
नोट : आंकड़े स्वास्थ्य विभाग से लिए गए हैं।