नोडल अधिकारी ने कोविड-19 अस्पतालों का किया निरीक्षण
बिजनौर। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जन संपर्क विभाग के विशेष सचिव एवं बिजनौर के कोविड-19 नोडल अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिले के स्वास्थ्य केंद्रों, क्वारंटीन सेंटर्स, सामुदायिक किचन, कोविड अस्पताल आदि का निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी की।
उन्होंने विवेक कालेज व गंज स्थित माता गायत्री देवी अस्पताल का निरीक्षण किया। यह अस्पताल कोविड एल वन स्पोर्ट हॉस्पिटल के रूप में चयनित है। यहां पर कोराना संक्रमित मरीजों के उपचार की व्यवस्था है। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं ठीक पाई गई है। निरीक्षण के समय लाइजन ऑफिसर/जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. हरेंद्र, तहसीलदार धामपुर, बीडीओ एवं अधिशासी अधिकारी नहटौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। इससे पूर्व बुधवार सुबह वे अपनी टीम के साथ नहटौर पहुंचे। वहां पहुंचकर पीएचसी तथा एसएनएसएम इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं ठीक मिलने पर संतोष व्यक्त किया। यहां से निकलकर वे नगर पालिका परिषद पहुंचे और वहां संचालित सामुदायिक किचन का मुआयना किया। मीटिंग हॉल में स्थानीय निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने समिति के सदस्यों को क्वारंटीन किए गए लोगों पर विशेष नजर रखने तथा लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है।