बेगावाला। गंगा में डूबे तीन युवकों की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही, मगर कहीं सुराग नहीं लगा। मुरादाबाद से पहुंचे पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने अभियान चलाया। उधर, गुस्साए परिजनों ने मेरठ पौड़ी हाईवे पर जाम लगा दिया। 15 मिनट तक सड़क जाम रही, इसके बाद पुलिस ने समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया।
रविवार को चंदपुरी गांव निवासी पांच युवक गर्मी से निजात पाने के लिए रावली और बैराज के बीच गंगा में नहाने गए थे। इनमें एक युवक किनारे पर ही खड़ा रहा जबकि चार गंगा में नहाने लगे। इनमें बिलाल पुत्र सुलेमान तैरकर बाहर आ गया था जबकि अरशद पुत्र मोहसिन, शाहनवाज पुत्र अतीक और जुनैद निवासी जहानाबाद गंगा में डूब गए थे। तीनों को ढूंढने के लिए गोताखोरों ने सर्च अभियान चलाया।
सोमवार की सुबह फिर से गंगा में उन्हें काफी तलाश किया गया। मगर, तीनों युवकों का कोई अता-पता नहीं चला। दोपहर दो बजे युवकों के परिजनों ने आक्रोशित होकर नेशनल हाईवे बैराज पर जाम लगा दिया। दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लंबी लाइन लग गई। इसके बाद बैराज और बेगावाला चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया। परिजनों का कहना है की पुलिस और प्रशासन उनका कोई सहयोग नहीं कर रहा है। सीओ संग्राम सिंह और यातायात प्रभारी बलराम सिंह भी मौके पर पहुंचे।獹