मानक के अनुसार स्वास्थ्य योजनाओं में प्रगति नहीं
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने बैठक में अनुपस्थित रहने तथा स्वास्थ्य योजनाओं में मानक के अनुरूप प्रगति न लाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. फैज हैदर (एमओआईसी) नजीबाबाद का जवाब तलब करें। स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा माईक्रोप्लान तैयार न करने वाले प्रभारियों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए उन्हें आख्या उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सचेत करते हुए कहा कि कोविड-19 तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाशत नहीं की जाएगी।
शनिवार को जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय विकास भवन सभागार में संचारी रोग नियंत्रण संबंधी बैठक लेकर अफसरों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण की प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते निर्देश दिए कि महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाडी के 20-20, लेखपालों, ग्राम विकास अधिकारियों, राशन डीलरों को 10-10 लोगों के लिए वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से उक्त लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कराएं, जिससे जिले में एंटी कोविड वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा होने के साथ साथ कोरोना महामारी से पार पाया जा सके। मार्च में संचालित दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाडी कार्यकत्री घर-घर जाकर बुखार, खांसी, कोविड, क्षय रोग के संभावित रोगियों की जांच तथा संबंधित व्यक्ति का नाम पता एवं मोबाइल नंबर संहित सम्पूर्ण विवरण एक लाइन लिस्टिंग फॉर्मेट में अंकित कर क्षेत्रीय एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय पर उपलब्ध कराया गया है। घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीकरण से छूटे तथा टीकाकरण से वंचित शिशुओं के पंजीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों के साथ साथ समस्त नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोस्टर बनाकर शहरों में विशेष साफ-सफाई एवं मच्छरों के मारने के लिए फॉगिंग तथा एंटीलार्वा का छिड़काव कराएं। संक्रामक रोगों विशेष रूप में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों से बचाव हो। नोडल अधिकारी/जिला मलेरिया अधिकारी ब्रजभूषण ने कार्यक्रम की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में सीएमओ विजय कुमार यादव, जिला अस्पताल के सीएमएस ज्ञानचंद, एसीएमओ एसके निगम, जिला मलेरिया अधिकारी ब्रजभूषण, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त एमओआईसी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।