बिजनौर जिले के निजी अस्पतालों में आक्सीजन नहीं
बिजनौर/धामपुर। ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे निजी अस्पतालों के संचालकों ने जिलाधिकारी से शीघ्र ही ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की मांग की है। इस पर जिलाधिकारी ने सीएमओ को आईएमए की मांग लेकर आवश्यकतानुसार उपलब्धता कराने के लिए निर्देशित किया। चिकित्सकों ने कहा कि सामान्य ऑपरेशन तो टाल दिए गए हैं, लेकिन उनके पास गंभीर मरीजों के लिए भी ऑक्सीजन नहीं बची है। धामपुर के निजी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन की कमी के कारण हड़कंप मचा हुआ है।
शनिवार को आईएमए का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष डॉ. सुभाष राणा के नेतृत्व में जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय और सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव से मिला। चिकित्सकों ने निजी अस्पतालों के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की मांग की है। डॉ. सुभाष राणा ने बताया कि करीब-करीब सभी निजी चिकित्सक 15 दिन से सिर्फ जरूरी ऑपरेशन ही कर रहे हैं। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए निजी चिकित्सकों ने सामान्य ऑपरेशनों को फिलहाल रोक दिया है। लेकिन अब उनके पास इमरजेंसी मरीजों के लिए भी ऑक्सीजन नहीं है। यदि हालात ये ही रहे तो निजी अस्पतालों में आने वाले इमरजेंसी मरीजों को बचाना भी मुश्किल हो जाएगा।
डीएम ने आईएमए को अपनी मांग सीएमओ तथा डीआई को बताने के लिए कहा, जिससे आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन की सप्लाई होती रहे। उधर, ऑक्सीजन सिलिंडर की अनावश्यक खरीद को देखते हुए प्रशासन ने निर्देशित किया है कि सीएमओ और ड्रग इंस्पेक्टर की संस्तुति पर ऑक्सीजन सिलिंडर दिए जाएं। इसके बाद ही व्यक्ति विशेष को ऑक्सीजन सिलिंडर दिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष डॉ. सुभाष राणा, डॉ. प्रकाश, डॉ. अवधेश वशिष्ठ, नजीबाबाद से डॉ. राखी अग्रवाल आदि शामिल रहे। वहीं, धामपुर के प्रयास हॉस्पिटल के एमडी डीएस कुमार ने बताया कि उनके अस्पताल में आक्सीजन खत्म हो गई है। जिसके कारण मरीजों में हाहाकार मचा है। अन्य अस्पतालों ने गंभीर रोगियों को अपने यहां भर्ती करने से इंकार कर दिया है। धामपुर में ऑक्सीजन के दो डिपो हैं, दोनों के संचालकों ने हाथ खडे़ कर दिए हैं।
जल्द मिलेगी ऑक्सीजन : डीएम
डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि निजी अस्पतालों को शीघ्र ही ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएमओ, आईएमए और डीआई आपस में सामंजस्य बैठाकर अपनी मांग तय कर तो ऑक्सीजन मिलने में आसानी रहेगी।