एक ही दिन में करोड़ों की जमीन के करा दिए नौ फर्जी बैनामा
नजीबाबाद। जालसाजी कर ट्रस्ट की करोड़ों रुपये की फर्म की जमीन के एक ही दिन में नौ फर्जी बैनामे करा दिए गए। एसपी के आदेश पर एक महिला सहित पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला सेवाराम निवासी राजीव गुप्ता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आलोक कुमार सिंघल, सुमित गुप्ता, परमजीत और स्वयं राजीव गुप्ता के नाम से वर्ष 2010 में चिट फंड सोसायटी मुरादाबाद से पंजीकृत फर्म को जालसाजी के साथ सुमित गुप्ता ने अपनी मां मंजू गुप्ता से हमसाज होकर दस्तावेजों में हेराफेरी कर अन्य फर्म के नाम में बदल दिया। राजीव गुप्ता का आरोप है कि न्यायालय में फर्म के भागीदारों का मामला विचाराधीन होने के बावजूद एक ही दिन में नौ फर्जी बैनामे के माध्यम से फर्म की करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को खुर्द बुर्द कर दिया गया।
एसपी संजीव त्यागी के आदेश पर राजीव गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने सुमित गुप्ता, मंजू गुप्ता, आलोक सिंघल, पुलकित सिंघल और विनीत अग्रवाल के विरुद्ध जालसाजी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।