-आर्थिक अपराध अनुसंधान में चल रही जांच, विवेचक ने तय किए आरोप
-जल्द ही अदालत में दाखिल होगा आरोप पत्र
-स्वास्थ्य विभाग अफसरों और बैंक अधिकारियों की संलिप्तता की जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग में हुए करीब तीन करोड़ दस लाख रुपये के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) घोटाले में फर्म स्वामी मां-बेटा को आरोपी बना दिया गया है। आर्थिक अपराध अनुसंधान में चल रही गबन की जांच के क्रम में फर्म स्वामी की संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। जल्द ही तय किए आरोप को लेकर आरोप पत्र अदालत में दाखिल कर दिया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग और बैंक कर्मियों की मिलीभगत को लेकर जांच जारी है।
बिजनौर के स्वास्थ्य विभाग में साल 2016 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के बजट में करीब तीन करोड़ दस लाख 95 हजार 769 रुपये के गबन का मामला सामने आया था। उस समय जिला कार्यक्रम प्रबंधक भानु प्रकाश, जिला लेखा प्रबंधक बृजमोहन, जिला डाटा प्रबंधक सुरेंद्र सिंह, वरिष्ठ लिपिक कैलाश ठाकुर, डाटा ऑपरेटर शाहबाज और एनएचएम कार्यालय के जिला लेखा प्रबंधक पंकज कुमार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। उस वक्त पुलिस की विवेचना के दौरान चार आरोपियों को क्लीनचिट दे दी गई थी, जबकि लेखा प्रबंधक पंकज कुमार सिंह और लिपिक कैलाश ठाकुर को आरोपी बनाते हुए जेल भेजा गया था।
मामला सालों तक अलग-अलग जांच एजेंसी की फाइलों में अटका रहा। बाद में साल 2025 में शासन ने इस घोटाले की जांच का जिम्मा आर्थिक अपराध अनुसंधान की शाखा मेरठ के हवाले कर दिया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया था कि पुलिस की विवेचना में फर्म स्वामी के नाम को शामिल किया गया, बाद में दूसरे विवेचक ने क्लीनचिट दे दी थी।
अब आर्थिक अपराध अनुसंधान के विवेचक ने फर्म स्वामी आदेश त्रिवेदी और सिशुलेश त्रिवेदी के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर आरोपी बनाया है। उन्नाव निवासी इन आरोपियों की फर्म में बिजनौर स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले का पैसा गया था।
फंस सकती है विभाग के अफसरों की गर्दन
दस करोड़ के इस घोटाले में केवल दो लोगों को ही जेल जाना पड़ा था, जबकि बड़े अफसर बच निकले थे। अब आर्थिक अपराध अनुसंधान की टीम धनराशि के आवंटन, भुगतान और संबंधित दस्तावेज, घोटाले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के साथ ही साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। अगर जांच टीम को साक्ष्य मिले तो घोटाले में शामिल विभाग के अन्य अफसरों की गर्दन भी फंस सकती है।
वर्जन:::
एनएचएम में दस करोड़ के घोटाले में फर्म स्वामी मां-बेटे को आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ मजबूत साक्ष्य मिले हैं। जल्द ही आरोप पत्र अदालत में दाखिल कर दिया जाएगा। अब बैंक कर्मियों और विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
....राजीव चौधरी, विवेचक आर्थिक अपराध अनुसंधान, शाखा मेरठ