नवविवाहिता की मौत, पति और ससुर को हिरासत में लिया
नांगलसोती (बिजनौर)। गांव सौफतपुर में शुक्रवार देर रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जहर देकर हत्या करने की शिकायत पर नवविवाहिता के पति को हिरासत में लिया है।
मंडावर थाना क्षेत्र के गांव मोहंडिया निवासी निशा (22 वर्ष) का निकाह तीन माह पूर्व नांगलसोती के गांव सौफतपुर निवासी अरमान से हुआ था। शुक्रवार देर रात निशा मृत अवस्था में फर्श पर पड़ी मिली। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ गजेंद्र पाल और नांगलसोती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार निशा के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने जहरीला पदार्थ खाने से निशा की मौत की आशंका जताई है। सीओ के निर्देश पर पुलिस ने निशा के ससुर तालीम और पति अरमान को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
इस मामले में निशा के चाचा जुल्फिकार ने निशा की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके पति और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। बताया गया कि निशा का परिवार इलाहाबाद में रहकर काम करता है। पुलिस ने उसके परिवार को भी इस संबंध में सूचना दे दी है।
नांगलसोती थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के लिए महिला के पति और ससुर को हिरासत में लिया है। नवविवाहिता की मौत संदिग्ध है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लगेगा।