बिजनौर। गोशालाओं में गोवंश को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए शासन स्तर से मॉनिटरिंग की जा रही है। मगर, जिले में अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। लक्ष्य से कम भूसा खरीद करने पर सीडीओ ने सभी बीडीओ का स्पष्टीकरण मांगा है।
गोशाला में चारा, भूसा, पानी और लू से बचाव के लिए व्यवस्था करने को लेकर सीडीओ रणविजय सिंह ने बृहस्पतिवार को ऑनलाइन मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी ब्लॉकों में संचालित गोशाला में भूसा खरीद कम होने पर नाराजगी जताई। ब्लॉकों में लक्ष्य का 40 प्रतिशत भी भूसा खरीद नहीं की गई है। जबकि, अप्रैल में ही थ्रेसिंग हो गई थी। अब मई माह को बीते हुए एक सप्ताह बीत गया है। मीटिंग में कुछ बीडीओ ने गोशाला में भूसा रखने की जगह नहीं होने का तर्क दिया।
इस पर सीडीओ ने किसानों से एमओयू कर उन्हीं के यहां भूसा रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीडीओ को भूसा नहीं खरीदने का स्पष्टीकरण मांगने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा जिन गोशालाओं में टीनशेड टूटा है, उसे ठीक कराने और लू से बचाव को गोशालाओं में पंखे लगवाने के निर्देश दिए।
n इस साल दो गुना हुआ भूसा खरीद लक्ष्य : शासन स्तर से इस साल गोशालाओं के लिए भूसा खरीद का लक्ष्य दोगुना कर दिया गया है ताकि, गोशाला में गोवंश को पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध हो सके। हर ब्लॉक में भूसा खरीद पर जोर दिया जा रहा है। भूसा खरीद की जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपी गई है।