बिजनौर में जनपद स्तरीय शादी अनुदान स्वीकृत समिति की बैठक में मुख्य मंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत जनपद स्तर पर 2100 जोड़ों की शादी एक ही दिन नवरात्रि में कराने का निर्णय लिया गया।
जनपद स्तरीय शादी अनुदान स्वीकृत समिति की बैठक कलेक्टेऊट सभागार में संपन्न हुई। समिति द्वारा गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों के शादी अनुदान के लिए आनलाइन किए गए आवेदनों के संबंध में व्यापक विचार विमर्श किया गया। समाज कल्याण सेक्टर के अधिकारियों के द्वारा समिति को धनराशि की उपलब्धता के संबंध में अवगत कराया गया। बताया गया आनलाइन 2054 आवेदन प्राप्त हुए। निर्देशित किया गया कि सभी आवेदन पत्रों की जांच जल्दी पूरी करा ली जाए।
समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार ने अवगत कराया कि इसमें कन्या के खाते में 20 हजार रुपये की धनराशि अंतरित की जाती है। दस हजार की धनराशि के अंतर्गत पायल, बिछिया, बर्तन, एवं कपड़े दिया जाता है। पांच हजार रुपये विवाह कार्यक्रम में व्यय किया जाता है। इस प्रकार प्रत्येक जोड़े पर कुल 35 हजार रुपये की धनराशि व्यय की जाती है। बैठक में सांसद भारतेन्द्र सिंह, विधायक कमलेश सैनी , सांसद एवं विधायकगण के प्रतिनिधि,मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण मिश्र आदि मौजूद रहे।
बेटियों की शादी के लिए नहीं मिला अनुदान
धामपुर में शासन की योजना के तहत बेटियों की शादी के अनुदान के लिए 275 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे, लेकिन इनमें से अनुदान किसी को भी नहीं मिला है। इससे लोगों में सरकार के प्रति असंतोष है। गांव हरियाना के रामचंद्र सिंह, तेजपाल सिंह, सरकड़ा के मदन सिंह, कौशल, गौरव कुमार ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्होंनेसरकार से शादी के लिए मिलने वाले अनुुदान के लिए कई महीने पहले आवेदन किए गए थे। वहीं, समाज कल्याण अधिकारी ग्राम विकास पंकज कुमार ने स्वीकारा कि वर्तमान वित्तीय साल में अब तक ब्लाक क्षेत्र से 275 लोगों ने बेटियों की शादी के अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इनमें से किसी को भी अनुदान नहीं मिला है। जो आवेदन हुए हैं इनमें से 93 को जांच के बाद अपात्र पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया है।