सड़कों पर अदा नहीं की जाएगी नमाज
बिजनौर। ईद की नमाज सिर्फ ईदगाह और मस्जिदों में होगी। ईदगाह के पास सड़क पर नमाज अदा नहीं करने दी जाएगी। यह हिदायत देते हुए एसडीएम ने शांतिपूर्वक ईदका त्योहार मनाने की अपील की। वहीं ईदगाह का दौरा कर साफ-सफाई और अन्य पहलुओं पर जायजा लिया। उधर, ईद पर कड़ी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को छह जोन, 22 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में बांटा गया है। अलविदा जुमे को भी पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी।
बुधवार को सदर एसडीएम मोहित कुमार और सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता ईदगाह पर पहुंचे। शहर इमाम और ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों के संग पुलिस प्रशासन के अफसरों ने ईदगाह का दौरा किया। बातचीत करने के बाद नमाजियों के वाहनों की पार्किंग के लिए पार्किंग स्थल का चयन किया गया। पार्किंग से लेकर ईदगाह तक पुलिस ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने हिदायत दी कि सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। सड़क को आवागमन के लिए खाली छोड़कर ईदगाह और आसपास की खाली जमीनों में नमाज अदा की जाए। शांतिपूर्वक ईद मनाने के निर्देश दिए गए इसके अतिरिक्त साफ-सफाई पेयजल आदि की व्यवस्था बनाए रखने के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए। ईओ से कहा गया कि ईद पर ईदगाह ही नहीं बल्कि शहर में भी समुचित सफाई हो जाए। शहरवासियों को पानी की किल्लत भी नहीं होने पाए। शहर कोतवाल राधेश्याम भी मौजूद रहे।
छह जोन 22 सेक्टर में बांटा जिला
ईद का त्योहार शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले को छह जोन, 22 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में विभाजित किया गया है। पुलिस के साथ साथ पीएसी को भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा अलविदा जुमे पर भी पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था रहेगी।
152 धार्मिक स्थलों से उतरवाए लाउडस्पीकर
शहर कोतवाली क्षेत्र में 140 मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं। सिर्फ एक ही लाउडस्पीकर लगा रहने दिया गया है। वहीं क्षेत्र के 12 मंदिरों से भी एक के अतिरिक्त लगे लाउडस्पीकर को उतरवाया गया है।
वर्जन::
अलविदा जुमे और ईद पर सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। जिले को छह जोन और 22 सेक्टर में बांट कर व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं।
-डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी